Wednesday, December 22, 2010

नौकरियां देने में नंबर वन देश होगा भारत

भारत अगले साल नौकरियां देने में दुनिया भर में नंबर वन देश होगा। इस काम में भारत चीन को भी पछाड़ने वाला है। यह कहना है अमेरिकी मैगजीन फोर्ब्स का। इसके मुताबिक 2011 के पहले क्वॉर्टर में भारत में नेट हायरिंग आउटलुक 42 पर्सेंट रहेगा। चीन 40 पर्सेंट के साथ थोड़ा सा पीछे रहेगा। पिछले क्वॉर्टर के मुकाबले वह इस मामले में 2 पर्सेंट पिछड़ेगा। तीसरे नंबर पर रहेगा ताइवान जो 37 पर्सेंट नौकरियों की उम्मीद लेकर आएगा। फोर्ब्स ने स्टाफिंग फर्म मैनपावर के साथ मिलकर यह इम्प्लॉयमेंट आउटलुक सर्वे तैयार किया है।

सर्वे में नेट हायरिंग आउटलुक का मतलब है सर्वे में शामिल हुए वे नौकरीपेशा लोग जिन्हें ये उम्मीद है कि उनके लिए नए साल में नौकरियों के नए आयाम खुलेंगे। इस संख्या में से उन लोगों की संख्या को घटा दिया जाता है , जिन्हें लगता है कि नया साल उनके लिए कुछ नया नहीं लाएगा।

फोर्ब्स का कहना है कि इस सर्वे के नतीजे चौंकाते भले ना हों , लेकिन दुनिया का ध्यान खींचते हैं। मैगजीन के सर्वे के मुताबिक दुनिया भर में जॉब ग्रोथ अविश्वसनीय तरीके से बढ़ रही है। इस सर्वे में दुनिया भर की पब्लिक और प्राइवेट कंपनियों के 64,000 एचआर डायरेक्टर्स और सीनियर हायरिंग मैनेजरों को शामिल किया गया था।

नौकरियों की उम्मीद की लिस्ट में ब्राजील का नंबर 36 पर्सेंट के साथ चौथा है। ये पॉजिटिव आंकड़ा वहां के शानदार जीडीपी में 7 पर्सेंट की ग्रोथ के बाद देखने को मिला है। यह आंकड़ा अमेरिकी जीडीपी ग्रोथ से तीन गुना ज्यादा है। ब्राजील के बाद 27 पर्सेंट के साथ तुर्की का नंबर है। और उसके बाद 26 पर्सेंट वाले सिंगापुर का नाम है।
अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें अमेरिका कहा है ? फोर्ब्स के मुताबिक अमेरिका में नौकरियों की 9 पर्सेंट उम्मीरद है अगले साल।

फोर्ब्स मैगजीन का सर्वे
इंडिया - 42 % नौकरियों की उम्मीद
चीन - 40 % नौकरियों की उम्मीद
ताइवान - 37 % नौकरियों की उम्मीद

Friday, December 17, 2010

सड़ांध भरे घोटालों का वर्ष

लालकृष्ण आडवाणी
अंग्रेजी पत्रिका आऊटलुक (13 दिसम्बर, 2010) के नवीनतम अंक की आवरण कथा कांग्रेस क्राइसिस शीर्षक से प्रकाशित हुई है। शीर्षक के नीचे दो चित्र-एक सोनियाजी और दूसरा राहुल गांधी का है। मुखपृष्ठ के ऊपरी कोने पर बहुचर्चित लॉबिस्ट नीरा राडिया का फोटोग्राफ प्रकाशित किया गया है।

मुख्य शीर्षक के साथ एक उप शीर्षक छपा है :
संसद में गतिरोध। एक चुनावी हार। कार्यकर्ताओं में विद्रोह। भ्रष्टाचार की दुर्गंध। क्या कांग्रेस 2014 के चुनावों से पूर्व इस गङ्ढे से बाहर आ पाएगी?
****
सन् 2009 कांग्रेस के लिए विजय का वर्ष था। 14वीं लोकसभाई चुनावों में उनको मिली जीत आश्चर्यजनक जीत थी। लेकिन इस लगातार दूसरी जीत से वे नौवें आसमान पर सवार थे।

सन् 2010 अब समाप्त होने को है। यदि पिछले वर्ष की समाप्ति पर सत्तारूढ़ दल सर्वाधिक ऊंचाइयों पर था, लेकिन आज वास्तव में वह कचरे के ढेर में है। 2010 हमेशा सड़ांधभरे घोटालों के वर्ष के रूप में जाना जाएगा!
****
पिछले सप्ताह संसद के सेंट्रल हॉल में अनेक सांसदों से मेरा मिलना हुआ जो सरकार पर आए गंभीर संकट पर चर्चा कर रहे थे, इनमें से एक चिंतित स्वर ने मुझसे पूछा: क्या दूसरा चुनाव अवश्यंभावी है? मेरा उत्तर था ”निस्संदेह कांग्रेस बुरी स्थिति में है। कांग्रेसजन अत्यधिक खिन्न और उदास हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि सरकार चुनाव कराएगी। लेकिन जब कुछ मंत्रियों से मेरी बातचीत हुई तो यह सुझाव सुनने को मिला कि संसद के वर्तमान गतिरोध को समाप्त करने के लिए सरकार लोकसभा को भंग करने का भी सोच सकती है, तब मुझे अहसास हुआ कि आखिर क्यों सांसद चुनावों की संभावनाओं के बारे में घबराए हुए हैं।

कोई भी सरकार तब तक समय पूर्व चुनाव नहीं कराती जब तक वह जीतने के प्रति आश्वस्त न हो। यू.पी.ए. की प्रतिष्ठा आज से पहले कभी इतनी नीचे नहीं गिरी थी। भंग कराने की चर्चा सांसदों को डराने के लिए लगती है। वाम, दक्षिण और मध्य सभी सांसद एक संयुक्त संसदीय समिति की मांग के समर्थन में ठोस रूप से एकजुट होकर खड़े हैं।
****
‘स्टेट्समैन‘ के सम्पादक रवीन्द्र कुमार ने पिछले महीने (10 नवम्बर) को ताजा घोटालों पर चोट करने वाला लेख ”रॉटिंग फ्रॉम द हेड” (शीर्ष से सड़ांध) शीर्षक से लिखा है।

इस लेख के निम्न दो पैराग्राफ दर्शाते हैं कि जो कुछ चल रहा है उस पर वे कितने रोष में हैं :

”जिन घोटालों से कांग्रेसनीत सरकार घिरी है उन्हें अत्यधिक साधारण रुप से देखा जा रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि परियोजनाएं और योजनाएं लूट के प्राथमिक उद्देश्य से सृजित और क्रियान्वित की जा रही है। सरकारी प्रयासों से सामान्य नागरिकों को यदि कुछ लाभ मिलता है तो वह संयोगवश है। और यदि यही केस है तो सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की जोड़ी को 6 वर्ष पूर्व संभाली गई जिम्मेदारी में गड़बड़ी के चलते एक नया कदम उठाना होगा।

तथ्यों पर विचार करें। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में संचार मंत्री ए. राजा के शामिल होने को दर्शाने वाले पर्याप्त सबूत एक वर्ष पूर्व सामने आए। टेप किए गए वार्तालाप से न केवल आपराधिक साक्ष्य सामने आए अपतिु राजनीतिक और कॉरपोरेट के खिलाड़ियों द्वारा सरकार में किए गए भयंकर घोटालों के रूप में सामने आया है।”

चौदहवीं लोकसभा के चुनाव साधारणतया सितम्बर 2004 में होने थे। लेकिन अक्तूबर 2003 में तीन मुख्य प्रदेशों - मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जो कांग्रेस के पास थे - में हमारी प्रभावी जीत हुई। इन परिणामों ने एन.डी.ए. को संसदीय चुनावों को समय पूर्व कराने पर विचार करने हेतु प्रोत्साहित किया।

सबसे पहले भाजपा, फिर एनडीए और फिर तेलुगू देसम जैसे हमारे सहयोगियों के साथ विचार-विमर्श कर प्रधानमंत्री वाजपेयीजी ने 2004 की शुरूआत में लोकसभा को भंग करने और नए चुनाव कराने का निर्णय किया।

देश का राजनीतिक मानस एनडीए के पक्ष में दिखता था। वाजपेयीजी की लोकप्रियता भी अपने शीर्ष पर थी। अर्थव्यवस्था में भी उभार था। जब एनडीए के वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने जीडीपी को आठ प्रतिशत वृध्दि के लक्ष्य के बारे में बोला तो सोनियाजी ने खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि यह ‘मुगेरी लाल के हसीन सपने‘ जैसा है! लेकिन एनडीए के वायदे के अनुसार 2003 के दूसरे पखवाड़े में भारत की जीडीपी वृध्दि 8.4 प्रतिशत दर्ज हुई। विश्वस्तरीय राजमार्गों के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क निर्माण करने जैसी अनेक प्रमुख प्रयासों के परिणाम दिखने लगे और यह एनडीए की उपलब्धियां बनीं। सूचना तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति के चलते पूरी दुनिया में भारत को ‘सॉफ्टवेयर सुपर पावर‘ के रूप में पहचाना जाने लगा।

मैं मानता हूं कि सन् 2004 के चुनावों में हम मुख्यतया अतिविश्वास और उससे उपजी आत्ममुग्धता के कारण हारे। साथ  ही सरकार में रहते हुए उन 6 वर्षों के दौरान हमारे संगठनात्मक नेटवर्क में भी कमियां आईं। राज्यवार विचार करें तो इस दृष्टि से सब से बुरी तरह प्रभावित देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश रहा, ऐसा प्रदेश जहां हम 2004 और 2009 में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए।

जब कुछ समय पूर्व श्री नितिन गडकरी ने पार्टी का नेतृत्व संभाला तो उनके तबके वक्तव्यों में से एक में उन्होंने उन सहयोगियों के बारे में बोला जिन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दिया था, परन्तु उनके दायित्व संभालने से पूर्व वे हम से अलग हो गए थे। उन्होंने मुझसे दो नामों- जसवंत सिंहजी और उमाश्री भारती - के बारे में विचार-विमर्श किया। मैंने जसवंत सिंह जी से बात की और वे पार्टी में वापस आए और पहले की तरह सक्रिय हैं।

नितिन जी ने स्वयं उमाजी से बात की। उमाजी ने मुझसे, और मेरी सलाह पर वे इस पर राजी हो गईं कि भविष्य में वे उत्तर प्रदेश जिसके बारे में मैंने उल्लेख किया कि कैसे वह बहुत कमजोर है, में पार्टी इकाई को मजबूत करने पर ध्यान केन्द्रित करेंगी। उन्होंने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ना चाहेंगी। लेकिन इस कार्य में जुटने से पहले उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से कुछ समय मांगा है।
****
भारतीय संसद के इतिहास में इस वर्ष का शीतकालीन सत्र पूरी तरह से न होने के बराबर है।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल सामान्य रूप से चला, लेकिन जब विपक्ष ने तीन घोटालों- स्पेक्ट्रम घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला और मुंबई गृह सोसायटी घोटाले के मुद्दे को उठाना चाहा तो समूची कांग्रेस पार्टी ने विपक्ष की नेता सहित सभी विपक्षी सांसदों को शोर मचा कर चुप करा दिया।

अत: विपक्ष की इन घोटालों की जांच की मांग के विरोध में कांग्रेस पार्टी के विरोध के फलस्वरूप ही कार्यवाही बाधित हुई है। यह दिन-प्रतिदिन चलता रहा। समय-समय पर सदस्य कभी-कभी मंत्रियों से रिपोर्ट सुनते रहे कि संयुक्त संसदीय समिति की घोषणा होने वाली है। लेकिन सत्र का अंतिम दिन आ गया है मगर ऐसा नहीं हुआ।

सत्तारूढ़ पार्टी रोज घोषणा करती है जे.पी.सी. नहीं!
विपक्ष कहता है जे.पी.सी. नहीं तो सत्र नहीं!

इस बार हम सबके लिए वास्तव में आश्चर्यजनक यह है कि जनता और मीडिया का दवाब है : विपक्ष को पीछे नहीं हटना चाहिए, सरकार घिरी हुई है; उसे ऐसे ही नहीं छोड़ना चाहिए!

भाग्य पर विश्वास करता हूं, भाग्य में होगा तो लगेगा 50वां शतक: सचिन

सभी खेल प्रशंसक जिस शतक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका के साथ गुरुवार से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में वह अपने 50वें टेस्ट शतक के बारे में ज्यादा कुछ नहीं सोच रहे हैं।

तेंडुलकर ने मैच की पूर्व संध्या पर बुधवार को कहा, "मैं भाग्य पर विश्वास करता हूं। अगर आपके भाग्य में लिखा है तो जरूर होगा। मैं इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं सोच रहा हूं। मैं अपनी तैयारी पर ध्यान दे रहा हूं।" तेंदुलकर के प्रशंसकों को उम्मीद है कि वह सेंचुरियन में सैंकड़ा लगाकर शतकों का अर्धशतक जरूर पूरा करेंगे।

सचिन ने कहा, "मेरे लिए यहां की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना सबसे महत्वपूर्ण चीज है। तैयारियों के लिए लम्बा अभ्यास सत्र इसलिए चला ताकि हम यहां की परिस्थितियों में खुद को ढाल सकें। हमने कोच गैरी कर्स्टन की देखरेख में अच्छा अभ्यास किया है।"

तेंदुलकर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में तेज और उछालयुक्त विकेट हमेशा चर्चा में रहता है। अगर आप जोहांसबर्ग में खेल रहे हैं तो आपको अत्यधिक ध्यानपूर्वक खेलना होगा। यह अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में हैं। ऑक्सीजन की कमी यहां एक महत्वपूर्ण समस्या है।

Saturday, December 4, 2010

और एक साथ जली दोनो की चिता

रायपुर॥ अस्पताल और पुलिस की लापररवाहियों की एक से एक मिसाल हैं लेकिन रायपुर के कटोरातालाब  में हुई इस घटना के कारण एसा अनोखा संयोग बना के पति-पत्नी की चिताए साथ-साथ जली।
अस्पताल से लाश लेते वक्त कमला और अंजु की लाशें आपस में बदल गई। इस दौरान अंजू के पति संजय यादव की मौत हो गई। वह अंजू को बचाते हुए जला था। उसे भी आंबेडकर अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया था।
इस बीच महिला के दाह संस्कार के लिए ले जाया जा चुका था। शोकाकुल भीड़ उस समय सकते में आ गई, जब उन्हें पता चला कि जिसे वे अपने परिवार की सदस्य समझकर अंतिम संस्कार करने आए हैं वो दरअसल कोई और है।
ऐन मौके पर हकीकत सामने आने के बाद सबकी आंखें फटी रह गईं। बाद में पता चला कि आंबेडकर अस्पताल के चीरघर में लाश बदल गई है। हकीकत सामने आने के बाद शोकाकुल परिजन गुस्से से झल्ला गए। उन्होंने चीरघर के सामने अस्पताल व पुलिस प्रशासन को जमकर कोसा।
अस्पताल व पुलिस के जानकारों ने बताया कि दोनों महिलाओं की मौत जलने से हुई थी। इसी वजह से पूरी गड़बड़ी हुई। कटोरातालब निवासी अंजू यादव ने देर रात आंबेडकर अस्पताल की बर्न यूनिट में दम तोड़ा था।  
दूसरी युवती कमला बाई भी उसी यूनिट में भर्ती थी। उसकी मत गुरुवार को सुबह हुई थी। दोनों युवतियों के शव चीरघर में रखे गए थे। पहले अंजू के शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसकी लाश परिजनों को सौंप दी गई।
दोपहर 12 बजे के बाद कमला का पोस्टमार्टम हुआ। उसका शव जब परिजनों को सौंपा गया, तब उन्हें लाश की लंबाई देखकर शंका हुई।
कमला का चेहरा बुरी तरह झुलसा नहीं था। इस वजह से उसके परिजन पहचान गए। उन्होंने चीरघर के डाक्टरों को बताया कि वह उनकी कमला नहीं है। मृतका के परिजनों से यह बात सुनते ही डाक्टर व पूरा स्टाफ सन्न रह गया।
उन्होंने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइंस पुलिस ने अपनी फोर्स कटोरातालाब भेजी। वहां पहुंचने के बाद पता चला कि लाश को अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट ले जाया जा चुका है।
पुलिस के जवान भागते हुए श्मशानघाट पहुंचे। वहां अंतिम संस्कार के लिए चिता सजायी जा चुकी थी। केवल अग्नि देने का कार्य बाकी था। पुलिस वालों ने परिजनों को हकीकत बताकर अंतिम संस्कार रुकवाया और चिता पर सजी लाश कस्टडी में चीरघर लाई गई। वहां कमला का शव उसके परिजनों को सौंपा गया और अंजू की लाश उसके रिश्तेदारों को दी गई।
इस पूरी गड़बड़ी से अंजू के रिश्तेदार खासे नाराज हुए। उन्होंने काफी देर तक चीख-चिल्लाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। पुलिस ने बताया कि अंजू चार दिन पहले स्टोव फटने से जली थी। दूसरी युवती कमला रजक मनेंद्रगढ़ रहवासी थी। चूल्हे में भोजन बनाते समय वह जल गई थी।
बाद मे जब परिजनों को सही शव मिले तब संजय और अंजु के शव चीरघर से एक साथ घर ले जाए गए। नए सिरे से उनकी अर्थियां सजायी गईं और एक साथ उन्हें अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

तुलसी से मिला किसानों को आर्थिक वरदान

आजमगढ़॥ प्राचीनकाल से हिंदुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ी तुलसी आजकल उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के किसानों की आर्थिक दुर्दशा के इलाज में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। कई पौराणिक मान्यताओं के आधार के रूप में प्रतिष्ठापित और घरों के आंगन की शोभा बढ़ाने वाली तुलसी मौजूदा हालात में यूपी के पिछड़े जिले आजमगढ़ के किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है।
 यहां के किसानों ने तुलसी की जैविक खेती करके इससे भरपूर लाभ कमाना शुरू कर दिया है। यहां पैदा हो रही तुलसी का अब विदेशों में भी निर्यात होने लगा है। सठियांव की चीनी मिल के रूप में जिले की एकमात्र औद्योगिक इकाई बंद हो जाने के बाद यहां के किसानों की आर्थिक दशा प्रतिदिन खराब होने लगी थी, लेकिन 1998 में डॉ. नरेंद्र सिंह और जापान से आए भारत मित्रा ने यहां तुलसी की जैविक खेती करने की मुहिम छेड़ी।

सिंह ने से बताया कि पहले तीन वर्षों तक यहां के खेतों को रासायनिक खादों के कुप्रभाव से मुक्त किया गया और फिर जैविक खेती में तुलसी के पौधों की बुआई का काम शुरू हुआ। नरेंद्र सिंह ने बताया कि 12 साल पहले जिले के कम्हेनपुर गांव से शुरू हुई तुलसी की जैविक खेती आज डेढ़ दर्जन गांवांे में ढाई सौ एकड़ से ज्यादा के इलाके में हो रही है और इससे यहां के किसानों को लगभग एक करोड़ रुपये सालाना की आमदनी हो रही है। इसे देखकर अब आसपास के गांवों में भी किसानों का तुलसी की खेती की तरफ रुझान बढ़ने लगा है।